Cult Current
विज्ञान

तेलंगाना में आसमानी आफत, सेना ने मोर्चा संभाला

तेलंगाना में भारी बारिश आफत का सबब बन गई है. जिसकी वजह से सड़कें नदीनुमा बन गई हैं अकेले राजधानी हैदराबाद में ही 15 लोगों के जान जाने की सूचना है. बुधवार को तेलंगाना के अलग अलग इलाकों से आए बारिश की तबाही के वीडियो छाए रहे. एक वीडियो में एक व्यक्ति हैदराबाद शहर के बीचोंबीच पानी की तेज धार में बहता नजर आया, और सड़क के किनारे दुकानों की छतों के नीचे आश्रय लिए कुछ लोग बस असहाय हो कर देखने के अलावा कुछ नहीं कर पाए.

कल्ट करंट डेस्क
कल्ट करंट डेस्क
15 Oct 2020
Solar farm during sunset

तेलंगाना में भारी बारिश आफत का सबब बन गई है. जिसकी वजह से सड़कें नदीनुमा बन गई हैं अकेले राजधानी हैदराबाद में ही 15 लोगों के जान जाने की सूचना है. बुधवार को तेलंगाना के अलग अलग इलाकों से आए बारिश की तबाही के वीडियो छाए रहे. एक वीडियो में एक व्यक्ति हैदराबाद शहर के बीचोंबीच पानी की तेज धार में बहता नजर आया, और सड़क के किनारे दुकानों की छतों के नीचे आश्रय लिए कुछ लोग बस असहाय हो कर देखने के अलावा कुछ नहीं कर पाए. गुरुवार को भी अलग-अलग जगहो पर बारिश होती रही. 

गाड़ियों के बहने के तो कई वीडियो आए. बंगाल की खाड़ी के पश्चिम मध्य इलाके में अचानक बने गहरे दबाव को इतनी भारी बारिश का जिम्मेदार बताया जा रहा है. मीडिया में आई खबरों के अनुसार मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि उस इलाके में अक्टूबर में ऐसी बारिश पहले कभी देखी नहीं गई. तेलंगाना स्टेट डेवलपमेंट प्लानिंग सोसाइटी के अनुसार ग्रेटर हैदराबाद इलाके में 24 घंटों में ही 324.55 मिलीमीटर बारिश हुई, जो एक महीने की बारिश के बराबर है. 

दबाव की वजह से भारी बारिश तेलंगाना के साथ साथ आंध्र प्रदेश, उत्तरी कर्नाटक और दक्षिणी ओडिशा में भी देखी गई. हैदराबाद और उसके आस-पास के इलाकों में बारिश का सबसे गंभीर असर देखा गया. राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) तो ऐसे मौकों पर सक्रिय हो ही जाता है लेकिन हैदराबाद में स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि राहत और बचाव कार्य के लिए सेना की मदद लेनी पड़ी.

बताया जा रहा कि मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है क्योंकि कई लोगों के पानी की तेज धार में बह जाने की खबर है, जिनका पता अभी तक नहीं चल पाया है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो जिसमें एक व्यक्ति तेज धार में बहता हुआ नजर आ रहा था हैदराबाद के ओल्ड सिटी के बरकस इलाके का बताया जा रहा है. खबर है कि उस व्यक्ति को तो पुलिस ने बचा लिया था, लेकिन कम से कम आठ और व्यक्ति इसी तरह से बह गए थे और वो अभी तक लापता हैं.

शहर के कई इलाकों में घंटों तक बिजली भी कटी रही. राज्यमार्गों तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया था जिसकी वजह से हैदराबाद का आंध्र प्रदेश और कर्नाटक से संपर्क टूट गया था. इसके अलावा आंध्र प्रदेश, उत्तर कर्नाटक, और ओडिशा के 100 से भी ज्यादा गांवों और शहरों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. अधिकांश स्थानों पर बारिश अब रुक गई है लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार तक दबाव का असर बना रहेगा और फिर से बारिश भी हो सकती है.