नववर्ष 2025 का पहला दिन हावड़ा की झुग्गी बस्तियों और दलित समुदाय के बच्चों के लिए एक सुनहरे सपने जैसा था। वंदे भारत एक्सप्रेस की सेमी हाईस्पीड ट्रेन में उनके लिए विशेष रूप से आयोजित डीजे नाइट ने बच्चों को मस्ती और रोमांच से भर दिया। इस कार्यक्रम में बच्चों ने गोविंद राम जी अग्रवाल और विष्णु दास जी मित्तल के परिवार के साथ मिलकर नववर्ष का जश्न मनाया।
जिन बच्चों के जीवन में संघर्ष और चुनौतियाँ आम हैं, उनके लिए यह अनुभव किसी जादू से कम नहीं था। पहली बार इन बच्चों को हाई-प्रोफाइल वंदे भारत ट्रेन में सफर करने और डीजे म्यूजिक के साथ मनोरंजन का भरपूर आनंद उठाने का अवसर मिला, जिसे वे हमेशा अपनी यादों में संजो कर रखेंगे।
इस भव्य आयोजन का उद्घाटन प्रतिष्ठित समाजसेवी और उद्योगपति सचिन मित्तल और नेहा मित्तल द्वारा किया गया। उन्होंने बच्चों के इस सपने को हकीकत में बदलने में अहम भूमिका निभाई। नव्या और नियति ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा से बच्चों के साथ खुशियाँ बाँटने का प्रयास किया। जादू के कार्यक्रम और खेलकूद गतिविधियों ने बच्चों के आनंद को और बढ़ा दिया।